पिछले तीन दशकों में दूसरी बार मई का महीना गर्मी और लू से राहत भरा रहा है। लखनऊ में इस बार मई में मौसम सुहावना बना हुआ है, और लू का प्रकोप लगभग नदारद है। मौसम विभाग के अनुसार, 2021 के बाद यह दूसरा मौका है जब मई में गर्मी के तेवर ढीले पड़े हैं। इस बार पारे में उतार-चढ़ाव के साथ मौसम नरम रहा, और कई दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। बूंदाबांदी और नमीयुक्त पूर्वा हवाओं के प्रभाव से कुछ दिन तो मानसून जैसे ठंडे रहे।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसमी बदलावों के कारण अगले दो हफ्तों तक औसत साप्ताहिक तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। यह सामान्य स्थिति नहीं है। आगामी 25 मई से 2 जून तक नौतपा की अवधि में भी गर्मी के तीव्र होने की संभावना कम है। गुरुवार को लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 30 वर्षों में मई में सबसे कम अधिकतम तापमान 29 मई 2021 को 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा, 2022 में 22 मई को 30.2 डिग्री और 2023 में 2 मई को 30 डिग्री सेल्सियस सबसे कम अधिकतम तापमान रहा।
मई 2021 में बने रिकॉर्ड:
तारीख | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
---|---|
29 मई | 27.8 |
30 मई | 28.6 |
20 मई | 28.8 |
19 मई | 30.6 |
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, अमौसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अरब सागर में बने कम दबाव क्षेत्र, लो ट्रफ, और नमीयुक्त पूर्वा हवाओं के संयुक्त प्रभाव से तापमान में लगातार गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। अगले दो हफ्तों तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी की संभावना है।
क्या है नौतपा? नौतपा 25 मई से 2 जून तक नौ दिनों की अवधि है, जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। इस दौरान सामान्य रूप से मौसम की सबसे अधिक गर्मी पड़ती है। शास्त्रों के अनुसार, यह तपन का समय होता है। हालांकि, इस बार मौसम विभाग का अनुमान है कि नौतपा में भी गर्मी का असर कम रहेगा।