गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में बुधवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। काशीदास बाबा की पूजा की तैयारी के दौरान बांस लगाते समय हाईटेंशन तार से टकराने के कारण सात लोग करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सुबह करीब 6:30 बजे गांव में काशीदास पूजन की तैयारियां चल रही थीं। यह आयोजन 11 बजे शुरू होने वाला था, जिसमें आसपास के जिलों से हजारों लोग शामिल होने वाले थे। पूजा के लिए मंडप बनाने के दौरान कुछ लोग बांस काटकर ला रहे थे। इस बीच, बांस का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन तार से छू गया, जिससे सात लोग करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही मरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत मऊ के फातिमा अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों—रविंद्र यादव, अजय यादव, छोटेलाल और अमन यादव—को मृत घोषित कर दिया। रविंद्र यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल थे और आंबेडकर नगर में तैनात थे। अन्य तीन घायल—अमेरिका यादव, संतोष यादव और जितेंद्र यादव—का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, कासिमाबाद सीओ और थानाध्यक्ष तारामती यादव सहित कई थानों की पुलिस पहुंची। एएसपी ने बताया कि हाईटेंशन तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई।
इस घटना से गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।